Breaking News

जेल प्रशासन ने गीता प्रचारक कैलाश मंथन को सम्मानित किया

गीता जयंती पर जिला जेल में भव्य कार्यक्रम


भगवान कृष्ण की शरणागति से मोक्ष प्राप्त होता है” — कैलाश मंथन


“भगवान का नाम ही पापों का नाश कर मुक्ति प्रदान करता है” — कैलाश मंथन


जेल प्रशासन ने गीता प्रचारक कैलाश मंथन को सम्मानित किया, अब तक 1.5 लाख गीता प्रतियों का वितरण



गुना। जिला जेल में गीता जयंती के अवसर पर एक भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में जेल प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय निशुल्क गीता वितरण अभियान के प्रमुख संचालक एवं समाजसेवी कैलाश मंथन को उनके उल्लेखनीय सेवाओं के लिए जेल अधीक्षक अतुल सिंहा द्वारा सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। पिछले एक वर्ष में जेल के अंदर आयोजित 10 आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से बंदियों में लाए गए सकारात्मक परिवर्तनों की सराहना की गई।


जेल परिसर की सभी बैरकों में कैलाश मंथन द्वारा श्रीमद्भगवद्गीता, हनुमान चालीसा, सुंदरकांड, राम नाम लेखन पुस्तिकाएं, आध्यात्मिक ग्रंथ एवं रुद्राक्ष का निशुल्क वितरण किया गया। इसके साथ ही सत्संग, भजन और गीता के उपदेशों के माध्यम से बंदियों में आध्यात्मिक चेतना जागृत की गई।


सोमवार को मध्य प्रदेश सरकार के विशेष प्रयासों से जेल में कैदियों द्वारा गीता का स्वाध्याय कराया गया, जिसमें गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक सस्वर पाठ आयोजित हुआ।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैलाश मंथन ने कहा—

“श्रीमद्भगवद्गीता सिखाती है कि संसार के मोह को त्यागकर परमेश्वर की शरण ग्रहण करनी चाहिए। सतत नाम स्मरण और संकीर्तन के माध्यम से ही मुक्ति संभव है। गीता प्रचारक से बड़ा भगवान का कोई भक्त नहीं होता। गीता मृत्यु का भय दूर करती है।”


इस अवसर पर विराट हिंदू उत्सव समिति, अंतर्राष्ट्रीय पुष्टिमार्गीय वैष्णव परिषद, एवं चिंतन मंच के सहयोग से गीता का निःशुल्क वितरण किया गया। कैलाश मंथन ने जेल अधीक्षक अतुल सिंहा और जेलर जसवंत सिंह को भी श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की तथा सभी बैरकों में गीता ग्रंथ स्थापित कराए। कार्यक्रम के अंत में सभी बंदियों को प्रसाद वितरित किया गया।


कार्यक्रम का उत्कृष्ट संचालन जेल शिक्षक मुकेश रावत ने किया।

अधीक्षक अतुल सिंहा ने कहा—

“पिछले एक वर्ष से चल रहे ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रमों से कैदियों की दिनचर्या और सोच दोनों में सकारात्मक बदलाव आया है।”


जेलर जसवंत सिंह ने सभी स्वाध्यायियों तथा सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


कोई टिप्पणी नहीं