मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर गुना में प्रदर्शनी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ भव्य आयोजन
मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर गुना में प्रदर्शनी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ भव्य आयोजन
गुना। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय गुना में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें मसाले, लकड़ी के उत्पाद, दीपक, सुगंधित अगरबत्तियां और मेहंदी जैसी स्थानीय वस्तुएं प्रदर्शित की गईं। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपना चेकअप कराया।
आधुनिकीकरण एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा “गुना की अनूठी पहचान” विषय पर लगाई गई प्रदर्शनी में जिले के प्रसिद्ध उत्पाद — गुना का धनिया, गुलाब और थाई पिंक अमरूद — प्रमुख आकर्षण रहे, जिन्होंने स्थानीय पहचान को नई ऊँचाई दी।
कार्यक्रम में विधायक पन्नालाल शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविन्द्र गुप्ता, उपाध्यक्ष धरम सोनी, पूर्व विधायक गोपीलाल जाटव, राजेन्द्र सिंह सालूजा, सांसद प्रतिनिधि हरिसिंह यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
साथ ही कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल हुए।
इस अवसर पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि “गुना अब गुलाबों के शहर के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है। यह हम सबके सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। सीएम हेल्पलाइन में गुना लगातार टॉप 5 जिलों में शामिल है। जिस स्थान पर शांति होती है, वहीं विकास संभव होता है।”
मुख्य अतिथि विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि “कानून का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। हमें अपने धार्मिक स्थलों और नदियों की चर्चा करनी चाहिए ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझ सके।”
नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता ने कहा कि “मध्य प्रदेश का गठन हमारे लिए गर्व का क्षण है। यह प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है।”
कार्यक्रम का वातावरण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति गीतों से गूंज उठा। स्थानीय कलाकारों और छात्र-छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम की शुरुआत “मध्य प्रदेश गान” के सामूहिक गायन से हुई। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य आशीष टांटिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडे द्वारा किया गया।




कोई टिप्पणी नहीं