Breaking News

अशोकनगर कुटुम्ब प्रबोधन इकाई एवं मातृशक्ति जागरण मंच ने वनवासी बस्ती गोराघाट में मनाया श्रीराम जन्मोत्सव


अशोकनगर-श्रीराम की अयोध्या के राजकुमार से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम बनने की यात्रा वन से ही शुरु हुई। माता-पिता का वचन निभाने श्रीराम ने वनगमन किया। अनुज लक्ष्मण एवं भार्या सीता के साथ पैदल-पैदल वनों में विचरण किया, अनेकों ऋषि-मुनियों से भेंट की,अनेक राक्षसों का वध किया। कोल-किरात-भीलों से मित्रता की।केवट को पुनः मिलने का विश्वास दिया।निषादराज से मित्रता की। गिद्धराज जटायु को अपना धाम प्रदान किया। भालू एवं वानर समुदाय से मित्रता की, श्रीहनुमानजी को अपनी सेवाभक्ति प्रदान की।बाली का वध करके सुग्रीव को राज्य सौंपा। रावण का वध करके लंका का राज्य विभीषण जी को सौंपा। तब जाकर अयोध्या के राजा बने और प्रजा को रामराज्य का सुख दिया। 

श्रीराम का चरित्र सेवा में दिखाई देता है। इसीलिए कुटुम्ब प्रबोधन इकाई अशोकनगर एवं मातृशक्ति जागरण मंच ने वनवासी बस्ती में श्रीराम जन्मोत्सव मनाया। इस अवसर पर कुटुम्ब प्रबोधन के विभाग प्रमुख महेंद्र शर्मा जी ने रामभजन तथा देशभक्ति के गीत गवाए। मुख्य अतिथि  बाल कल्याण समिति के सदस्य बरिष्ठ पत्रकार हितेंद्र बुदौलिया जी ने दीप प्रज्वलित कर बच्चों को श्रीराम का आचरण करने की प्रेरणा दी। अन्य अतिथि के रुप में पूर्व बी ई ओ महेंद्र सिंह रघुवंशी जी ने श्रीराम की पूजा-अर्चना कर सभी को प्रसाद वितरण किया। 

इस अवसर पर सुवर्णप्राशन संस्कार की जिला संयोजिका अंजू यादव ने बच्चों को पूरी रामायण संक्षिप्त कहानी के रुप में सुनायी। गायत्रीमंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्रों के साथ पुष्पवर्षा करते हुए विभाग संयोजिका रश्मि रघुवंशी जी का जन्मोत्सव भी मनाया गया। इस अवसर पर सेवाभारती की ट्रस्टी चंदा शर्मा, शिक्षिका ऊषा सुमन, भगवान यादव, काजल यादव, संजना शर्मा,सरिता रघुवंशी, सिद्धि रघुवंशी उपस्थित रहीं।

नगर संवाददाता: अभिनय मोरे

कोई टिप्पणी नहीं