Breaking News

देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर महिला जनप्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित

देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर महिला जनप्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित


गुना - लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला गुना द्वारा महिला जनप्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन एक निजी होटल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देवी अहिल्याबाई ने समाज और राष्ट्र उत्थान में जो आदर्श प्रस्तुत किए, वे आज भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी समाज को सशक्त नेतृत्व दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और देवी अहिल्या व भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। सम्मेलन में महिला वक्ताओं ने अहिल्याबाई के जीवन, उनके सुशासन, सेवा, तप और धार्मिक कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता ने कहा कि अहिल्याबाई की नेतृत्व क्षमता आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने देशभर में प्रसिद्ध मंदिरों के निर्माण और पुनर्निर्माण का कार्य किया, जिसमें काशी विश्वनाथ, सोमनाथ और बद्रीनाथ मंदिर शामिल हैं। भाजपा सरकारें भी उन्हीं की तरह सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध हैं।

अहिल्याबाई ने समाज में अन्न क्षेत्र, प्याऊ, विद्यालय और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था कर जनसेवा को प्राथमिकता दी। वर्तमान सरकारें भी उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही हैं। नई शिक्षा नीति और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के प्रयास उसी दिशा में हैं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष सारिका लुंबा ने कहा कि अहिल्याबाई ने बाल विवाह और सती प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त किया। भाजपा सरकार ने भी तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाकर महिलाओं को न्याय दिलाया है। संसद और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला नारी शक्ति कानून, शासकीय नौकरियों में 35 प्रतिशत और स्थानीय निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान महिलाओं को समानता का अधिकार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कार्यक्रम का संचालन सुधा त्रिवेदी ने किया और आभार अलका बिंदल ने माना। स्वागत भाषण महिला मोर्चा अध्यक्ष राजेश राजपूत ने दिया। मंच पर उषा खटीक, कुसुम लता कुशवाह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहीं। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिला जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं