श्री शांतिनाथ बाजार मंदिर पर उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया भगवान शांतिनाथ का जन्म और मोक्ष कल्याणक दिवस
श्री शांतिनाथ बाजार मंदिर पर उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया भगवान शांतिनाथ का जन्म और मोक्ष कल्याणक दिवस
गुना -श्री शांतिनाथ बाजार मंदिर में भगवान शांतिनाथ का जन्म और मोक्ष कल्याणक दिवस श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव से मनाया गया। इस अवसर पर प्राचीन जैन परंपराओं के अनुसार विविध धार्मिक आयोजन हुए। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मंदिर समिति के मंत्री धर्मेंद्र बज ने बताया कि सुबह मंगलाष्टक के साथ धार्मिक गतिविधियां आरंभ हुईं, जिसमें श्रद्धालुओं ने बोलियां लगाकर भगवान का अभिषेक और शांति धारा में सहभागिता दर्ज कराई।
836 वर्ष पुरानी भगवान शांतिनाथ की मूल प्रतिमा पर सौधर्म इंद्र, ईशान इंद्र, सनत कुमार और महेन्द्र इंद्र के रूप में बने प्रमुख श्रद्धालुओं द्वारा अभिषेक किया गया। इसके बाद विश्व शांति की कामना के साथ शांति धारा का आयोजन हुआ। मोक्ष कल्याणक के अवसर पर श्रद्धालुओं ने निर्वाण लाडू चढ़ाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। तत्पश्चात शांतिनाथ विधान का आयोजन हुआ, जिसमें महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
महामस्तकाभिषेक के दुर्लभ अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर भगवान का अभिषेक करने के लिए उत्सुक दिखाई दिए। यह अवसर वर्ष में केवल दो बार, नववर्ष और मोक्ष कल्याणक पर ही मिलता है। इस शुभ घड़ी में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और धार्मिक अनुभूति से अभिभूत हुए। दोपहर 2 बजे से श्री अनिल जैन अन्ना के संयोजन में भगवान शांतिनाथ की चालीसा का 40 बार पाठ किया गया, जिसमें गौरव जैन, विनोद जैन, निखिल जैन सहित अनेक श्रद्धालु शामिल हुए। सायंकाल भगवान की महाआरती और 48 दीपों के साथ भक्ताम्बर पाठ का आयोजन हुआ। रात्रि में 8:30 बजे से श्री शांतिनाथ महामहोत्सव 1.0 के अंतर्गत शांतिनाथ भगवान के पूर्व भवों का चित्रण बड़ी स्क्रीन पर प्रस्तुत किया गया। साथ ही 3 से 8 वर्ष के बच्चों के लिए देशभक्ति थीम पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। दीप प्रज्वलन राजेंद्र टोंग्या, संजय जैन, अनिल जैन, प्रदीप जैन भालू द्वारा किया गया। खंडेलवाल महिला मंडल ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र बज और रश्मि बज ने किया। संयोजन में रविंद्र बज, अमित पांड्या और विनोद पांड्या रहे। आभार मंत्री धर्मेंद्र बज ने व्यक्त किया।
कोई टिप्पणी नहीं