गीता जयंती 1 दिसंबर को, पूर्णिमा पर होगी पूर्णाहूति
गीता जयंती 1 दिसंबर को, पूर्णिमा पर होगी पूर्णाहूति
गुना। अंतर्राष्ट्रीय पुष्टिमार्गीय परिषद मध्यप्रदेश, विराट हिन्दू उत्सव समिति एवं चिंतन मंच के संयुक्त तत्वावधान में मोक्षदा एकादशी पर 1 दिसंबर को गीता जयंती मनाई जाएगी। इसके तहत गीता जयंती पखवाड़े के रूप में गीता पाठ, स्वाध्याय, बौद्धिक वार्ता एवं नि:शुल्क गीता वितरण सहित कई आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पुष्टिमार्गीय परिषद मप्र के प्रांतीय प्रचार प्रमुख कैलाश मंथन ने बताया कि अंचल के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों और मंदिरों में 1 दिसंबर को विशेष मनोरथ एवं सत्संग आयोजित होंगे। मोक्षदा एकादशी से पूर्णिमा तक क्षेत्र के 18 प्रमुख कृष्ण मंदिरों में गीता पाठ और संकीर्तन का आयोजन चलेगा। इस अवसर पर नि:शुल्क गीता वितरण का 39वां चरण भी प्रारंभ किया जाएगा। परिषद द्वारा अब तक अंचल में 38 हजार गीता पुस्तकों के नि:शुल्क वितरण का संकल्प पूरा किया जा चुका है।
विराट हिन्दू उत्सव समिति चिंतन मंच में होंगे गीता पाठ और स्वाध्याय
विराट हिन्दू उत्सव समिति चिंतन मंच के प्रमुख कैलाश मंथन ने कहा कि वर्तमान समय में श्रीमद्भगवद्गीता ही ऐसा शास्त्र है जो सत्य सनातन धर्म का सार उजागर करता है। भगवान श्रीकृष्ण की अमृतवाणी बताती है कि हम कौन थे, क्या बन गए, और क्या बनने वाले हैं। भूत–भविष्य–वर्तमान का ज्ञान गीता के अध्ययन से ही प्राप्त होता है। इसी उद्देश्य से मंदिरों व धार्मिक केंद्रों पर स्वाध्याय, सत्संग सभाएं तथा संकीर्तन संघों के माध्यम से गीता प्रचार–प्रसार की गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।




कोई टिप्पणी नहीं